आठ हजार परिवारों का मिला लक्ष्य, अब तक बनीं 200 आईडी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में फैमिली आईडी बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को आठ हजार परिवारों की फैमिली आईडी बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें करीब 200 फैमिली आईडी बनाई जा चुकी है। इस काम में तेजी लाने के लिए बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए है।
इस आईडी के बनने से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ लोगों को मिलेगा। जनपद में फैमली आईडी बनाने का कार्य ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्र में किया जा रहा है। इसमें एक परिवार का आधार कार्ड और मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करके उनकी आईडी बनाने का काम चल रहा है। अभी तक फैमिली आईडी बनाने का काम ग्राम पंचायत स्तार पर पंचायत सचिव, पंचायत सहायक की ओर से किया जा रहा था।
फैमिली आईडी बनाने के काम की धीमी प्रगति देखते हुए बीएसए रत्नेश कुमार ने सभी प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने सभी से फैमिली आईडी बनाने के काम में तेजी लाते हुए लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। पत्र के क्रम में बुधवार को विद्यालयों में बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर उनकी फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया तेजी के साथ की गई। अनुमान है कि जल्द ही विभाग के लिए दिए गए लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा और बच्चों के अभिभावकों की फैमिली आईडी बन जाएगी।
बीएसए रत्नेश कुमार ने बताया कि फैमिली आईडी बनाने के काम में तेजी लाने के लिए प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर निर्देशित किया गया है। फैमिली आईडी बनाने के काम की नियमित समीक्षा भी की जाएगी और निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा किया जाएगा।