संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पेट्रोल पंप से सीएचसी तक की मुख्य सड़क पर तीन जगह जान लेवा ब्रेकर बना दिए। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने इन ब्रेकरों को छोटा करवाने की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।
शासन ने मुख्य मार्गों पर ब्रेकर बनाना प्रतिबंधित किया है। यदि आवश्यक हो तो अनुमति के बाद उनकी ऊंचाई के मानक भी तय हैं। लेकिन, दो दिन पूर्व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने तहसील के सामने दोनों ओर तथा सीएचसी के मुख्य द्वार के पहले ब्रेकर बना दिए। यह ब्रेकर ऊंचे एवं उसी रंग के हैं, जिस रंग की सड़क है। इस कारण दिन में ये ब्रेकर दूर से वाहन चालकों को और रात में पास से स्पष्ट नजर नहीं आते हैं। जब तक वाहन चालक पास में आता है, तब तक उसे वाहन संभालना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने इन ब्रेकरों की ऊंचाई कम कर उसमें रेडियम थर्मोप्लास्ट पाउडर की पर्त बनाने को कहा है।
नगर का प्रमुख मार्ग है: जिस मार्ग पर ब्रेकर बनाए गए हैं, वह नगर का सबसे प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग पर तहसील, ग्राम न्यायालय, सीएचसी, कोतवाली, स्टेशन, विकास खंड कार्यालय, जल एवं बिजली विभाग के कार्यालय, एक राष्ट्रीयकृत बैंक सहित कई शिक्षण संस्थाओं के जाने का रास्ता है। इसके चलते इस मार्ग पर हर समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है।