ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम कचनौंदा में रविवार देर शाम ट्रेन से कटकर किशोर की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक वह कान में मोबाइल की लीड लगाकर था जिस कारण ट्रेन की आवाज सुन नहीं सका और हादसा हो गया।
थाना बानपुर के ग्राम कचनौंदा निवासी पूरन सहरिया का 17 वर्षीय बेटा भगवान दास रविवार देर शाम गांव के पास से निकली टीकमगढ़ खजुराहो रेल लाइन पर अपने कानों में मोबाइल की लीड लगाकर जा रहा था। इसी दौरान टीकमगढ़ की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। वहां बेटे का शव देखते ही चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि भगवान दास पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। शाम को वह अक्सर घूमने निकल जाता था लेकिन यह हादसा हो गया। चौकी प्रभारी शकील अहमद ने बताया कि परिजनों से हुई बातचीत में बताया कि भगवानदास कान में मोबाइल की लीड लगाकर गाना सुनते हुए किशोर रेल पटरियों पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से ट्रेन आ गई वह ट्रेन की आवाज सुन नहीं सका होगा और उसकी कटकर मौत हो गई।