संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नेहरूनगर के लोगों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा अब प्लेटफार्म चार से नेहरूनगर की ओर लोको लॉबी के पास टिकट बुकिंग विंडो का निर्माण किया जाएगा। इससे अब नेहरूनगर के लोगों को फुटओवर ब्रिज से प्लेटफार्म के मुख्य गेट तक टिकट लेने के लिए नहीं आना होगा।
रेलवे स्टेशन के पहले इस ओर शहर बसा हुआ है तो दूसरी ओर नेहरूनगर, जुगपुरा और सिद्धनपुरा मोहल्ला बसा हुआ है, जिसकी आबादी तीस हजार से अधिक है। नेहरूनगर मोहल्ला रेलवे स्टेशन से सटा हुआ है।
जिसके चलते यहां के लोगों को ट्रेन से यात्रा करने पर टिकट लेने के लिए फुट ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन को पार करके इस ओर स्टेशन के मुख्य गेट पर बने टिकट काउंटरों तक जाना होता है या आरक्षण कराना होता है। ऐसे स्टेशन के अंदर से निकलने पर कई बार उनका सामान टीसी स्टाफ से भी हो जाता, जिस पर उन्हें काफी सफाई देनी होती है या फिर कई बार तो उनका जुर्माना भी बना दिया जाता है।
इस समस्या को देखते हुए रेलवे द्वारा नेहरूनगर की ओर ही फुट ओवरब्रिज से उतरने पर लोको लॉबी के पास नया टिकट बुकिंग विंडो बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। इस प्रस्ताव में जनरल टिकट विंडो के साथ ही आरक्षण टिकट विंडो और यहां वेटिंग हॉल बनाए जाना भी शामिल किया गया है।
रेलवे से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही यहां टिकट विंडो, आरक्षण टिकट विंडो बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इससे नेहरूनगर, जुगपुरा और सिद्धन मोहल्ला के हजारों लोगों को टिकट लेने या आरक्षण कराने में काफी सुविधा हो सकेगी।