ललितपुर। थाना कोतवाली के नई बस्ती पुलिस चौकी के अंतर्गत ललितपुर-बीना रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा मिला। उसकी शिनाख्त मोहल्ला तालाबपुरा निवासी अनिल यादव के रुप में हुई। बताया जा रहा है कि दो माह पहले बच्ची के जन्म के बाद पत्नी की हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी। तब से युवक परेशान चल रहा था। बीते पांच दिनों में ट्रेन से कटने से पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन मृतकों की उम्र 21 से 22 वर्ष के बीच रही।
शहर के मोहल्ला तालाबपुरा पुरानी चुंगी के सीतापाठ रोड निवासी अनिल यादव (22) पुत्र परमानंद यादव शनिवार को घर से निकला था। देर रात तक जब घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। नई बस्ती चौकी पुलिस को रविवार की सुबह झांसी-बीना रेलवे लाइन पर मालगोदाम से करीब एक किलोमीटर आगे गोविंदसागर बांध के पास खंभा संख्या 1025/29 के पास एक क्षत- विक्षत शव पड़ा होने की जानकारी मिली। नई बस्ती चौकी इंचार्ज ने मौके पर जाकर शव को रेल लाइन से उठवाया और उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी ने दो माह पूर्व एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद पत्नी की हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से ही वह परेशान चल रहा था। युवक तीन भाई व एक बहन थे। मृतक के पिता की दो वर्ष पूर्व मौत हो गई थी।
इससे पहले बीते चार दिनों में चार युवकों की मौतें रेल पटरियों पर हो चुकी है। तीन मई को मोहल्ला तालाबपुरा के डोंड़ाघाट निवासी उमाशंकर उर्फ अंकित (21) की मौत ललितपुर-बीना रेल लाइन पर माल गोदाम के पास हुई थी। चार मई को मोहल्ला गांधीनगर निवासी लक्ष्मीनारायण (39) पुत्र खलक विश्वकर्मा की मालगोदाम के पास और इसी दिन थाना बानपुर के कस्बा बानपुर के कोड़यन निवासी ज्ञान सिंह (22) पुत्र मानसिंह की मौत ट्रेन के कटने से हो गई। पांच मई को कोतवाली के अंतर्गत ग्राम ककरुआ निवासी महिला गिरजा दुलैया (50) पत्नी कल्यानपाल की मौत भी झांसी-बीना रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
मायके से नहीं आ रही थी पत्नी, पति ने लगाई फांसी
दो साल पहले हुई थी शादी, पत्नी ने लिखाया था दहेज उत्पीड़न का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत ग्राम सभा बुदाबनी निवासी युवक अजय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर गई पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। युवक के पिता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि बेटे की पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा रखा है। वह मायके से नहीं आ रही थी। बेटा मानसिक रूप से परेशान रहता था।
ग्राम बुदावनी निवासी साकूलाल पुत्र नथुवा बरार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पुत्र अजय की शादी दो वर्ष पूर्व ग्राम कल्यानपुरा थाना जखौरा में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद बेटे की पत्नी ने अजय और परिजनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद से अजय मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। शनिवार को रात वह घर नहीं आया। सुबह जब उसकी खोज की तो उसका शव एक पेड़ पर लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।