ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नुनावली में राजघाट बांध के भराव क्षेत्र में मछली पकड़ने गए मछुआरों की नाव पलटने से एक मछुआरे की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरे ने तैरकर जान बचाई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार के जिला मुजफ्फरपुर के थाना कटरा अंतर्गत ग्राम चंदौली निवासी संतोष साहनी (32) पुत्र अक्षय साहनी अपने साथी गांव के ही कमलेश पुत्र भनेश्वर साहनी एवं अन्य जिलों के करीब बीस लोग राजघाट बांध के भराव क्षेत्र में मछली पकड़ने का काम करते हैं। दस फरवरी की रात को संतोष व कमलेश जाखलौन थाना अंतर्गत ग्राम नुनावली में राजघाट बांध के भराव क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए जाल डालकर लौट आए और अगले दिन सुबह करीब पांच बजे फिर से जाल खींचने के लिए गए। नाव में बैठकक वह जाल खींच रहे थे कि दोनों मछुआरे नाव में एक ओर आ गए, जिससे नाव में पानी भरने लगा और नाव अचानक से पलट गई, जिससे दोनों बांध के भराव क्षेत्र में गहरे पानी में गिर गए।
संतोष डूबने लगा, तो साथी कमलेश ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद भी डूूबने लगा। यह देख कमलेश किसी प्रकार तैरकर पानी से बाहर निकल आया, लेकिन तब तक संतोष गहरे पानी में डूब गया। इस पर कमलेश ने अपने अन्य साथियों व पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिस पर पुलिस ने अन्य मछुआरों की मदद से संतोष की खोजबीन शुरू की। अगले दिन संतोष का शव खोजकर पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष केे चार बच्चे हैं और वह अपने साथियों के साथ यहां तीन महीने पहले ही आया था।