ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शीतल बडौनिया इंटर कॉलेज महरौनी के छात्र लखनलाल पुत्र महीप ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 87 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद में प्रथम एवं झांसी मंडल में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। संस्थान की छात्रा लक्ष्मी पुत्री धनीराम ने 83.10 प्रतिशत अंकों के साथ जिले की मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, ग्यारहबी कृषि की परीक्षा में हर्ष चौहान पुत्र मदन चौहान ने जनपद में 81.33 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्था के प्रबंधक दुष्यंत बडौनियां ने बच्चों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं, साथ ही संस्था की और से उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार से रामरतन तिवारी, ह्रदयेश गोस्वामी, काजिम अली, दुष्यंत नायक, चाली राजा, अमित दुबे, पवन तिवारी, कमलेश कुमार, मनीष बड़ौनिया आदि उपस्थित रहे। इसी प्रकार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में परिणाम आने के बाद कॉलेज के स्टाफ ने मेधावी छात्र- छात्राओं को कॉलेज में बुलाया और वहां पर हाईस्कूल की छात्रा सोमलता अहिरवार को जिले में टॉप आने पर विद्यालय द्वारा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। साथ अन्य टॉपर छात्र- छात्राओं को भी विद्यालय द्वारा मिठाई खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह, शशिकांत मिश्रा, शैलेंद्र श्रीमाली, युगल किशोर, रामकुमार तिवारी, राधेलाल राजपूत, हरेंद्र तिवारी, साहिल सहित सभी टॉपर छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।
इसी तरह शांति निकेतन इंटर कॉलेज में भी टॉपर छात्रों को फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर श्रेष्ठ अंक आने पर बधाई दी गई। इस दौरान प्रधानाचार्य एचकेएल वर्मा सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
हाईस्कूल व इंटर का रिजल्ट आने के बाद जिले में हमारे विद्यालय की छात्रा ने हाईस्कूल में टॉप किया है। विद्यालय में पूरे स्टाफ और छात्र- छात्राओं के अभिवावकों ने सभी टॉपरों को मिठाई खिलाई और उनको शुभकामनाएं दीं।
- गजेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महरौनी
बच्चों की मेहनत और लगन से हमारे विद्यालय के छात्र इंटरमीडिएट की टॉप पांच की लिस्ट में दो छात्र रहे हैं। बेहद खुशी इस बात की है कि हमारे विद्यालय में अति पिछड़े गांवों के बच्चे आते हैं। इसके बावजूद भी वो मेहनत से पढ़ाई कर विद्यालय का नाम रोशन करते हैं।
- एचकेएल वर्मा, प्रधानाचार्य शांति निकेतन इंटर कॉलेज
बहुत खुशी हुई कि हमारे विद्यालय के बच्चे जोकि ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं, उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई की और विद्यालय का नाम रोशन किया। जिले की इंटरमीडिएट की मेरिट सूची में हमारे कॉलेज के छात्र ने प्रथम व छात्रा ने दसवां स्थान प्राप्त किया।
- दुष्यंत बड़ौनिया, प्रबंबधक श्रीमती शीतल बड़ौनिया इंटर कॉलेज महरौनी