ललितपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ/ आंगनबाड़ी सुनीता सेन अनुपस्थित रहने पर निलंबित करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को तृतीय विशेष अभियान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने ललितपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। बीएलओ आंगनबाड़ी रेखा वर्मा, चम्पाबाई आंगनबाड़ी सहायिका द्वारा जमा किए गए फार्म-6,7 एवं 8 का परीक्षण किया। श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज और वर्णी जैन कांवेंट स्कूल का निरीक्षण किया। यहां पर भाग संख्या 424 की बीएलओ/ आंगनबाड़ी सुनीता सेन अनुपस्थित पाई गईं।
जिलाधिकारी ने फार्म-6 में मतदाता की नवीनतम फोटो चस्पा करने, ऐसे मतदाता जिनकी आयु 25 वर्ष से अधिक हो उनके फार्म-6 की गहनता से जांच करने, दूसरी जगह नाम दर्ज होने पर विलोपन की जानकारी करने के बाद ही नाम शामिल करने, प्रत्येक बीएलओ को जनसंख्या अनुपात व जेंडर अनुपात की जानकारी रखने, गैरहाजिर पदाभिहित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और सुपरवाइजर/ आबकारी निरीक्षक अमित कुशवाहा की संस्तुति पर बीएलओ/ आंगनबाड़ी सुनीता सेन को निलंबित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य को लगन, परिश्रम एवं निष्ठापूर्वक करें तथा सूचियों को शु़द्धतम बनाएं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी/ उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह आदि मौजूद रहे।