तालबेहट (ललितपुर)। रविवार को दोपहर में हुई बारिश से पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया। तेज हवाओं के मध्य हुई बारिश से लोगों को कुछ परेशानी उठानी पड़ी। इसी बीच गाज गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य स्थानों पर चार लोग झुलस गए। वहीं, कड़ेसराकलां क्षेत्र में रविवार को गांव के मजरा ऊमरी में गौडवरी के पास अपनी भेड़ें चरा रहे करन पुत्र भैयन पाल (20) की गाज गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी प्रानसिंह पुत्र दम्मे 60 वर्ष घायल हो गया।
रविवार को सुबह से मौसम में कुछ अधिक गर्मी थी। लेकिन दोपहर बाद मौसम ने यकायक करवट ली और काले बादल छा गए। इसके बाद मूसलाधार बारिश हुई। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, कुछ लोग नौ तपा में हुई बारिश को अच्छा नहीं मान रहे हैं।
इसी मध्य कई स्थानों पर गाज गिरी। इससे एक युवक की मौत हो गई। थाना पूराकलां अंतर्गत कबरी खिरक निवासी राजू पुत्र गनेश (22) वर्ष बरूआ नाले पर आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौट रहा था। इसी बीच गाज गिरने से वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया, जिसे सीएचसी तालबेहट लाया गया। वहीं, म्यावं में एक स्थान पर गाज गिरने से शिवदयाल पुत्र गनू चोटिल हो गया और उसकी दो बकरियां मर गई। हरीराम पुत्र खुब्बा (35) निवासी पवा भी गाज की चपेट में आने से चोटिल हो गया, उनका समाचार लिखे जाने तक सीएचसी में उपचार चल रहा था। उधर, मजरा ऊमरी में गाज गिरने से मरे करन की कुछ दिन पूर्व ही बबीना में आयोजित विवाह महोत्सव में शादी हुई थी। इससे पूरे परिवार में शोक छा गया। सूचना पर लेखपाल हरीराम मौके पर गए। उपजिलाधिकारी रत्नाकर मिश्र ने बताया कि मृतक को दैवीय आपदा के अलावा जो भी राहत मिल सकती है, अवश्य दी जाएगी।