- ललितपुर से घर लौटते समय राजघाट मार्ग पर ग्राम चौरसिल के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राजघाट मार्ग पर ग्राम चौरसिल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मध्यप्रदेश के ग्राम भियांखेड़ी निवासी रविंद्र (27) सोमवार की शाम को ललितपुर आए थे। बाइक पर उसके साथ गांव का ही अभिषेक (23) भी था। शाम को दोनों गांव लौट रहे थे। अभी वह राजघाट-ललितपुर मार्ग पर ग्राम चौरसिल के पास पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव वालों की मदद से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां रविंद्र के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतक के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर जांच की जा रही है।