ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम खिरिया में शुक्रवार की रात को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों चालकों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला भी घायल हो गई। कोतवाली पुलिस ने दोनों मृृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेेत्र के अंतर्गत ग्राम कल्यानपुरा निवासी रमेश (50) शुक्रवार की रात को करीब आठ बजे पत्नी को मोटरसाइकिल पर लेकर उसके मायके थाना जाखलौन के ग्राम नयागांव जा रहा था। उधर, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुरा पाचौनी निवासी पंसारी पुत्र आशाराम अहिरवार अपनी मोटरसाइकिल से धौर्रा से काम करके (कारीगर) वापस लौट रहा था। दोनों बाइक सवार अभी जाखलौन क्षेत्र के ग्राम खिरिया ही पहुंचे थे कि दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे दोनों बाइकों पर सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से तीनों को एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रमेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस दौरान झांसी ले जाते समय रमेश की रास्ते में मौत हो गई। परिजन उसे वापस जिला अस्पताल ले आए। उसकी पत्नी का जिला अस्पताल में ही उपचार किया गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार पंसारी की हालत भी गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया, देर रात करीब एक बजे उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक रमेश के मझले भाई जालम प्रजापति ने बताया कि मृतक के दो बेटियां व दो बेटे हैं और वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और वह मजदूरी करता था। वहीं दूसरे मृतक पंसारी के भाई खुशीराम ने बताया कि मृृतक की दो बेटियां हैं और वह छह भाई व एक बहन में तीसरे नंबर का था।