ललितपुर। तहसील तालबेहट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेवरा, गुंदैरा में हो रहे अवैध खनन को रोके जाने के लिए भारतीय किसान यूनियन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि अवैध खनन पर प्रतिबंध न लगने पर भाकियू आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएगी।
जिले में तहसील तालबेहट के ग्राम गेवरा, गुंदेरा व आसपास के ग्राम अवैध खनन के गढ़ बन गए हैं। यहां पर बीते माह नदी में एक लिप्टर जब्त होने के बाद भी अंकुश नहीं लग पा रहा है। इतना ही नहीं दबंग अवैध खननकर्ता शिकातय करने वालों को जान से मारने की धमकी तक दे रहे हैं।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में बताया कि तालबेहट क्षेत्र में सफेदपोश नेतागण व खनिज माफिया पूराकलां क्षेत्र में अवैध खनन का गढ़ बना चुके हैं। नदी से बालू की निकासी के दौरान भारी वाहन खेतों से होकर निकाल रहे हैं। इससे खेत खराब होते हैं। इतना ही नहीं फसल के समय भी बैखौफ होकर किसानों के खते से निकाल रहे हैं। मना करने पर जान से मारने व भारी वाहनों के कुचलने की धमकी दे रहे हैं। कई बार अधिकारियों केे अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र ही अवैध खनन को रोका जाए। अन्यथा भाकियू आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन पर मंडल उपाध्यक्ष कीरत बाबा, जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, रामकिशन यादव, श्याम सिंह, सुमत अहिरवार, अशोक कुमार आदि के हस्ताक्षर बने हैं। वहीं ग्राम गेवरा गुंदेरा निवासी ब्रजेश कुमार अहिरवार ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर अवैध खनन माफियाओं पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।