ललितपुर। करोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते रविवार को जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक नगर में सोशल डिस्टेंश एवं धार्मिक प्रभावना के साथ मंदिरों में मनाया गया। नगर के जैन मंदिरों में आवश्यक दूरी बनाए रखते हुए पूजन प्रच्छाल, अभिषेक आदि की क्रियाएं हुई। धार्मिक टीवी चैनल के माध्यम से जैन संतों के माध्यम से घरों में भगवान का पूजन अभिषेक किया।
भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के अवसर पर रविवार को सुबह अपने घरों से श्रावकों ने वाद्य यंत्र, थाली बर्तन, झालर आदि बजाकर प्रतीकात्मक प्रभातफेरी भगवान महावीर के जयकारों के साथ निकाली। जैन संतों के द्वारा मंदिरों में शांतिधारा का श्रवण किया गया। पूर्व संध्या पर नगर के जैन मंदिरों के मुख्य द्वार पर रंगोली सजाई गई। श्रावकों ने अपने घरों पर रंगोली बनाई दीपक जलाकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक मनाया। धामिक चैनलों के माध्यम से आचार्य विद्यासागर महाराज, आचार्य विराग सागर महाराज, विशुद्ध सागर महाराज, मुनि सुधासागर महाराज, मुनि प्रमाण सागर महाराज ने धार्मिक उपदेशों के माध्यम से कहा भगवान महावीर ने जो सीख दी है उसको अपने जीवन में उतारें, तो करोना जैसी महामारी का सामना नहीं करना पडे़गा। जैन अटा मंदिर में समाधिस्थ आचार्य विद्याभूषण सन्मतिसागर महाराज के प्रभावक मुनि प्रभावना भूषण महाराज विराजमान रहे।
नगर के जैन मंदिर अतिशय क्षेत्र क्षेत्रपाल मंदिर, जैन अटामंदिर, जैन बड़ा मंदिर, नया मंदिर इलाइट, शांतिनगर मंदिर, आदिनाथ मंदिर गांधीनगर ,समोवशरण मंदिर नईबस्ती, चंद्रप्रभु मंदिर डोड़ाघाट, बाहुबलि नगर जैन मंदिर में पंचायत समिति के महामंत्री डा. अक्षय टड़ैया, मुकेश सराफ, राजेंद्र जैन थनवारा, जितेंद्र जैन राजू, महेन्द्र चौधरी, कपूरचंद, भगवानदास कैलगुवां, प्रभात लागौन, प्रमोद पाय, प्रकाश सौंरया, सतीश नजा, प्रदीप सतरवांस, अक्षय अलया, आनंद जैन, मनोज बबीना आदि ने दूरी बनाए रखते हुए महावीर जयंती पर कार्यक्रमों की संयोजना सम्पन्न कराने में सहयोग किया। नगर के कई घरों में तो बच्चों ने महावीर जयंती की झांकी सजाई गई। जैन पंचायत के अध्यक्ष अनिल जैन अंचल ने बताया कि पिछले वर्ष करोना के दौर में महावीर जयंती पर पूरी समाज ने 11 लाख 11 हजार रूपए की एकत्रित दानराशि प्रधानमंत्री सहायता कोष में प्रदान की गई। वर्तमान में करोना के गंभीर दौर में समाज के दानी महानुभावों के सहयोग से चिकित्सा के क्षेत्र में रणनीति बन रही है, उम्मीद है शीघ्र ही पूर्ण होेगी और जनहित सार्वजनिक किया जाएगा।
-----------
दीक्षा दिवस पर जैन संतो को किया नमन
महावीर जयंती पर जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करने वाले प्रख्यात जैन संत समाधिस्थ आचार्य विद्याभूषण सन्मति सागर महाराज, समाधिस्थ आचार्य सराकोद्धारक ज्ञानसागर महाराज, समाधिसस्थ मुनि चिन्मय सागर महाराज के अतिरिक्त आचार्य प्रसन्न सागर महाराज, मुनि प्रमाण सागर महाराज के चरणों में धर्मालुओं ने नमन किया। जिन्होंने अपने संदेशों के माध्यम से भगवान महावीर की वाणी को जनजन तक पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।
-------
बच्चों ने घर में प्रतीक स्वरूप निकाली शोभायात्रा
करोना वायरस के संक्रमण के दौर में महावीर जयंती पर बच्चों ने भी उत्साह दिखाया। मुहल्ला सिविल लाइन निवासी शिक्षक पुष्पेंद्र जैन ने बताया कि उनके बच्चे देवांश, दिव्यांश ने अपने घर में ही महावीर जयंती पर खिलौनों के माध्यम से झांकी सजायी। भगवान महावीर स्वामी की फोटो को रखकर जुलूस निकाला और आरती की। बच्चों ने भगवान महावीर स्वामी के संदेशों को तख्तियों पर लिखकर दर्शाया।