ललितपुर। डीएम ने तहसील पाली के राज्य पोषण मिशन के तहत गोद लिए गांव गौना का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि वह बुधवार को गांव में रहकर राशन कार्ड संबंधी मामलों की जांच कर उनका निस्तारण करें। साथ ही उन्होंने बरवासन मंदिर का सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए।
डीएम डा. रूपेश कुमार ने ग्राम गौना में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। पिछले निरीक्षण से अब तक हुई प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। बाद में उन्होंने चौपाल लगाई। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के समक्ष जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को दी जाने वाली धनराशि नहीं मिलने की बात कही। ग्रामवासियों ने राशन सामग्री के साथ आवास व शौचालय बनवाए जाने को कहा।
डीएम ने बताया कि गौना को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी के दो श्रेणियों में वर्गीकृत कर खाद्यान्न से लाभान्वित किया जा रहा है। प्रत्येक परिवार को प्रति यूनिट की दर से 05 किलो राशन प्रति व्यक्ति की दर से दिया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम पाली प्रियंका सिंह को निर्देश दिए कि वह खंड विकास अधिकारी मड़ावरा के साथ ग्राम गौना में पात्रता की श्रेणी मेें आने वाले परिवारों का परीक्षण करें और पात्रता के अनुसार राशन, आवास तथा शौचालय से लाभान्वित करने को चयनित करें। यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम पात्रता सूची में शामिल हो गया है, तो उसकी जांच कर नाम अलग करें। साथ ही दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करें।
ग्राम गौना के निवासी रामचरन ढीमर ने कहा कि वह विकलांग पेंशन पा रहा है, जबकि उसे कुष्ठावस्था पेंशन मिलनी चाहिए। इस पर डीएम ने कुष्ठावस्था का फार्म भरवाने के निर्देश दिए। साथ ही आवास पात्रता के श्रेणी में आने पर उसे इंदिरा आवास से लाभान्वित करने को कहा। ग्राम गौना निवासी डब्बू ने अपने इलाज की बात कही, जिस पर उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए। कुछ ग्रामवासियों ने अंत्योदय सूची से नाम निरस्त करने की शिकायत की। इस पर उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि वह कल एक जून को ग्राम गौना में उपस्थित रहकर ऐसे प्रकरणों की जांच कर उनका निस्तारण करें।
चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने ग्राम गौना में पहाड़ी पर स्थित बरवासन धाम देवी परिसर का निरीक्षण किया। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने मंदिर का चबूतरा पक्का कराने और हैंडपंप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर के सुंदरीकरण को कहा। इस अवसर पर एसडीएम पाली प्रियंका सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका बनर्जी, डीपीआरओ ब्रजेंद्र कुमार, जिला सूचना अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे, खंड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।