संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के सीतापाठ व सुम्मेरा दोनों तालाब का सुंदरीकरण शुरू होने में छह माह का समय लग जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि आचार संहिता समाप्त होने पर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद ने इन दोनों तालाबों के सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार किया था। सुम्मेरा तालाब पर 2.04 करोड़ तो सीतापाठ तालाब पर 80 लाख रुपये से कार्य किया जाना है। इन कार्यों को कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने वाली थी कि आचार संहिता लग गई। अब चार जून के बाद ही यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके बाद भी निर्माण शुरू नहीं हो सकेंगे, क्योंकि बारिश का मौसम आ जाएगा। ऐसे में अब निर्माण शुरू होने में लगभग छह माह का समय लग जाएगा।
तालाब पर होना है ये कार्य
सुम्मेरा तालाब पर चारों ओर फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी। साथ ही फव्वारा लगवाया जाएगा। इससे लोग तालाब के तारों ओर घूम सकेंगे। सीतापाठ तालाब के चारों ओर घाटों का निर्माण किया जाएगा। इन घाटों को सीढ़ी के आकार में बनाया जाएगा।
सीतापाठ व सुम्मेरा तालाब के सुंदरीकरण की प्रक्रिया आचार संहिता के चलते रुक गई है। अब बारिश के बाद ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। - राघवेंद्र शर्मा, उपजिलाधिकारी, प्रभारी अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद