ललितपुर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। दोनों ही कक्षाओं में छात्रों के मुकाबले छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा है। कक्षा दसवीं में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज महरौनी की नेहा भौड़ेले व सरस्वती विद्या मंदिर पाली की प्रिया गाइन एवं बारहवीं में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज महरौनी के छात्र हिमांशु राजपूत ने जिला टॉप किया है।
रविवार की दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। साइबर कैफे पर सुबह 11 बजे से छात्र-छात्राओं का पहुंचना आरंभ हो गया था। यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर रिजल्ट अपलोड होते ही छात्र-छात्राओं के इंतजार की घड़ी खत्म हो गई, जिन छात्र-छात्राओं ने बेहतर अंक प्राप्त किए, उनके चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी।
वहीं, कई छात्र-छात्राएं प्रयोगात्मक परीक्षा में कम अंक मिलने से मायूस दिखे। हाईस्कूल के कला विषय में कंजूसी से अंक दिए जाने का मलाल छात्र-छात्राओं में देेेखा गया। शाम होते-होते जिले के टॉपरों के नाम छनकर सामने आए।
हाईस्कूल में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज महरौनी की नेहा भौड़ेले व सरस्वती विद्या मंदिर पाली की प्रिया गाइन एवं इंटरमीडिएट में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज महरौनी के छात्र हिमांशु राजपूत ने जिला टॉप किया है। खास बात यह है कि ग्रामीण अंचलों के रहने वाले छात्र-छात्राओं ने शहरी विद्यार्थियों को पीछे छोड़ दिया है, जो चर्चा का विषय बना रहा।
इंटरमीडिएट के छात्र हिमांशु राजपूत ने रसायन विज्ञान विषय में 97 अंक, भौतिक विज्ञान में 96 अंक, अंग्रेजी व गणित विषय में भी इतने ही अंक प्राप्त किए हैं। इस तरह कुल 467 अंक हासिल कर सबको पीछे छोड़ दिया है। इसी विद्यालय के महेंद्र राजपूत, पंकज कोरी व किसान इंटर कालेज की आकांक्षा राजपूत ने 465 अंक अर्जित किए हैं। वहीं, राजकीय बालिका इंटर कालेज ललितपुर की श्रुति वर्मा ने 464 अंक, प्रत्जंया चतुर्वेदी ने 448, आराधना कटारे ने 445 अंक, आशीष साहू ने 442, महेश साहू ने 435 अंक, आशुतोष नरवरिया ने 432 अंक व महेश कुमार साहू ने 407 अंक प्राप्त किए हैं।
हाईस्कूल की परीक्षा में अंकों की प्रतिस्पर्धा सामने आई है। कइयों के एक अंक से प्रतिशत बदल गए हैं और वह निचले पायदान पर चले गए हैं। सरस्वती विद्या मंदिर पाली की छात्रा प्रिया गाइन ने कक्षा 10 वीं की परीक्षा में 91.50 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं, जिसमें सर्वाधिक अंक 99 गणित विषय में प्राप्त किए। वहीं, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज महरौनी की छात्रा नेहा भौड़ेले ने भी 549 अंक प्राप्त किए हैं। इस तरह दोनों ही छात्राओं ने जिले को टॉप किया है।
राजकीय हाईस्कूल कुम्हैड़ी की छात्रा वर्षा झा ने 90 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त हाईस्कूल में एसडीएस कांवेंट की आफरीन ने 537 अंक, तनु श्रीवास्तव ने 532 अंक, स्वाती जैन ने 529 अंक, सुरभि ताम्रकार ने 527, अंशिका रावत ने 526 अंक व सलोनी राजपूत ने 504 अंक हासिल किए हैं।