ललितपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा भले ही बंडई बांध समेत अन्य परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के अवसर पर हुई हो पर इसमें आने वाले पंचायत और एक साल बाद होने वाले विधानसभा चुनावों की रंगत साफ दिखाई दी। बुंदेलखंड के सूखा, किसानों की आत्महत्या, पलायन, बदहाली और बेरोजगारी पर मरहम लगाते योगी ने साफ संकेत दे दिया कि वह बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर काबिज भाजपा के इस अभेद्य दुर्ग को बचाने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। मुख्यमंत्री ने मंच से पंचायत चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव में भी जनता से साथ देने का भरोसा मांगा।
झांसी और ललितपुर की बात करें तो झांसी की चार और ललितपुर की दो विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इसी तरह बुंदेलखंड के ही जालौन, हमीरपुर, बांदा, महोबा और कर्वी की मिलाकर कुल 19 सीटों पर पिछले चुनाव में भाजपा ने अपना परचम फहराया था। किसी जमाने में बसपा का गढ़ रहे बुंदेलखंड को भाजपा ने पूरी तरह अपनी झोली में डाल लिया था। बुंदेलखंड की इन 19 सीटों पर अपना परचम कायम रखना भाजपा के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। बुंदेलखंड के ललितपुर, झांसी और महोबा के मुख्यमंत्री के ताबड़तोड़ दौरों को इसी कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके पहले राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने अपने भाषण में तो खुलकर जनता से पंचायत और विधानसभा के लिए वोट मांग डाले।