ललितपुर। तंत्र विद्या के लिए बकरे की कलेजी (दिल) को इंसान की कलेजी बताकर बेचने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला नदीपुरा निवासी वीरू खटीक पुत्र राजाराम खटीक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बकरे की दुकान इलाइट चौराहा पर है। बीते रोज दस जून को शाम को लगभग पांच-छह बजे के बीच निक्की आया और कहा कि उसे बकरे की कलेजी चाहिए। पूछने पर बताया कि चंद्रप्रकाश पुत्र हरपू ढीमर, लाखन पुत्र जीया लाल ढीमर व पवन पंडित निवासी नाराहट, जो तांत्रिक विद्या का काम करते हैं, उसे उन्हें देना है। इस पर उसने बकरे की कलेजी उसे दे दी। आरोप है कि निक्की अपने साथी चंद्रप्रकाश, लाखन व पवन के साथ मिलकर धोखाधड़ी करके तंत्र मंत्र विद्या के लिए बकरे की कलेजी को मनुष्य की कलेजी बताकर बेच रहे हैं। यह कार्य इन लोगों द्वारा जनता को जनता को गुमराह करके किया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।