ललितपुर। उत्तीर्ण प्रशिक्षु शिक्षकों की मौलिक नियुक्ति के लिए डायट में 31 अक्तूबर को काउंसलिंग की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने काउंसलिंग के लिए खंड शिक्षा अधिकारी के साथ सह समन्वयक को नामित कर दिया है।
जिले में उत्तीर्ण 644 प्रशिक्षुओं की पदस्थापना की जानी है। इनकी काउंसलिंग सुबह साढ़े नौ से जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में होगी।
बीएसए एसपी यादव ने सूची में शामिल अभ्यर्थियों की उपस्थिति में उनके मूल अभिलेखों की जमा पर्ची, प्रशिक्षण अंकपत्र और प्रमाण पत्र का मिलान कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने इस प्रक्रिया के लिए काउंसलिंग की तिथि 31 अक्तूबर तय कर दी है। उन्होंने नामित कर्मियों से अभ्यर्थियों के कागजातों में पाई जाने वाली विसंगतियों को चिह्नित कर स्पष्ट टिप्पणी अंकित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान मूल अभिलेख प्राप्त कर प्राप्ति रसीद निर्गत की जाएगी। उन्होंने सुबह साढ़े नौ बजे महिला प्रशिक्षुओं से डायट में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के लिए कहा है।
इनकी ड्यूटी लगाई गई
जांच अधिकारी खंड शिक्षा अधिकारी मड़ावरा जगत सिंह राजपूत के साथ वरिष्ठ लिपिक संतोष कुमार नामदेव, सह समन्वयक राजकुमार वर्मा, प्रदीप कुमार सोनी, परिचारक दुर्गादास, खंड शिक्षा अधिकारी महरौनी राजकुमार पुरोहित के साथ वरिष्ठ लिपिक विश्व मोहन सक्सेना, सह समन्वयक राजीव श्रीवास्तव, सुनील वर्मा, परिचारक शोभित कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी बार संतोष वर्मा के साथ वरिष्ठ लिपिक पंकज पाराशर, सह समन्वयक अनिल पटैरिया, संजय श्रीवास्तव, दफ्तरी महेंद्र यादव, खंड शिक्षा अधिकारी तालबेहट बृजेश सिंह के साथ वरिष्ठ लिपिक द्वारिका प्रसाद जोशी, सह समन्वयक विनीत तिवारी, प्रशांत राजपूत, चंद्रप्रताप सिंह, शिकायत प्रकोष्ठ में खंड शिक्षा अधिकारी बिरधा नाथूलाल शर्मा के साथ वरिष्ठ लिपिक ज्ञानेंद्र सिंह को लगाया गया है।
अन्य विभाग के कर्मियों से कराई जाए काउंसलिंग
शिक्षक नेताओं ने डीएम को ज्ञापन देकर प्रशिक्षु शिक्षकों की काउंसलिंग अन्य विभाग के कर्मियों से कराने की मांग की। उन्होंने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि काउंसलिंग के पहले रिक्त विद्यालयों की सूची सार्वजनिक की जाए, जिससे कि नियुक्ति में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने सूची के अतिरिक्त अन्य किसी विद्यालय में शिक्षकों नहीं भेजने व काउंसलिंग की वीडियोग्राफी कराने की वकालत की है। ज्ञापन पर ललित रावत, अनंत तिवारी, बृजमोहन, रिचा, अभिषेक, बृजेंद्र, सौरभ, अनिल आदि के हस्ताक्षर बने हैं।