ललितपुर। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कुष्ठ जागरुकता अभियान चलाया गया। जिला कुष्ठ अधिकारी, डाॅ. आशीष अग्निहोत्री व उप जिला कुष्ठ अधिकारी डाॅ. सौरभ सक्सेना ने मलिन बस्तियों का भ्रमण कर कुष्ठ रोग के संबंध में जानकारी दी।
सीएमओ डॉ. इम्तियाज अहमद ने कहा कि कुष्ठ रोग के बारे में जागरुकता की कमी व ज्ञान का अभाव भेदभाव की ओर ले जाता है। जागरुकता बढ़ाने के लिए वर्ष 2017 में ‘स्पर्श कुष्ठ जागरुकता’ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया था, जो 30 जनवरी से चलाया जा रहा है। जिला कुष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुष्ठ रोग माइकोबैक्टिरियम लैप्रि नामक बैक्टिरिया के कारण होता है। कुष्ठ रोग के लक्षण त्वचा पर हल्के रंग के या तामई रंग के धब्बे, जिनमें संवेदनहीनता हो, हाथ या पैरों पर झनझनाहट, नसों में दर्द एवं नसों का मोटा हो जाना आदि हो सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति में उपरोक्त लक्षण दिखते हैं तो उन्हें निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक से उपचार लेना चाहिए।