ललितपुर। सागर-ललितपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम बंगरिया के पास तेज रफ्तार से भाग रहे ऑडी कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे नेशनल हाईवे पर स्थित ग्राम बंगरिया के पास सजनाम तिराहे पर सागर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ऑडी कार (एमपी 04-सीपी 5460) ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल घटना स्थल से करीब 20 फुट दूर जाकर गिरी और मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का एक पैर कट गया था।
घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंची बिरधा चौकी पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक की शिनाख्त कोतवाली महरौनी क्षेत्रांतर्गत ग्राम छपरट निवासी 50 वर्षीय चंद्रभान सिंह पुत्र रघुराज सिंह के रूप में हुई। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक बुधवार की शाम को अपने बड़े भाई रघुवर की ससुराल ग्राम बरौदिया गया था।
बृहस्पतिवार की सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे में मारा गया चंद्रभान किसान था और एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं।