ललितपुर। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार कैशलेस सुविधा युक्त टिकट खिड़की से हटकर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी। इससे टिकट लेने में जहां लंबी-लंबी लाइनों से मुक्ति मिल सकेगी, वहीं इसके लगने से स्टेशन के आधुनिकीकरण में एक और उपलब्धि हासिल हो जाएगी।
रेलवे प्रशासन द्वारा झांसी मंडल के 21 रेलवे स्टेशनों पर 49 एटीवीएम मशीनों (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) की स्थापना कराई जाएगी। इन मशीनों की स्थापना से अब आम लोगों को कैशलेस सुविधा का लाभ भी प्राप्त होगा। साथ ही टिकट खरीदने में रोजाना लगने वाली लंबी-लंबी लाइनों से भी छुटकारा मिल सकेगा। साथ ही पैंसों की भी बचत हो सकेगी। झांसी मंडल में झांसी, ग्वालियर और बांदा रेलवे स्टेशन पर ही यह एटीवीएम मशीनें लगाई जा चुकी है। इसके लिए सबसे पहले बुकिंग पर्यवेक्षक/पाली प्रभारी बुकिंग ऑफिस से स्मार्ट कार्ड प्राप्त करना होगा। स्मार्ट कार्ड 70 रुपए से मिल सकेगा। इसके बाद कार्ड होल्डर को अपने स्वेच्छा से 20 रुपए से 50 के गुणांक में 9500 रुपए तक का रिचार्ज करवाया जा सकेगा। रिचार्ज की गई राशि की वैद्यता रिचार्ज की तारीख से एक वर्ष के लिए ही होगी और इसमें पांच प्रतिशत का अतिरिक्त यात्रा मूल्य भी मिलेगा। इसके उपयोग के लिए स्मार्ट कार्ड को रीडर पर रखने के बाद भाषा का चयन करना होगा। फिर टिकट के प्रकार का चयन करना होगा। इसके बाद यात्रा टिकट बुकिंग के लिए गंतव्य स्टेशन का मानचित्र से या जल्दी बुकिंग के लिए या अन्य स्टेशन विकल्प चुनना होगा। अंत में भुगतान का विकल्प चुनकर टिकट ली जा सकेगी। अब तक ललितपुर रेलवे स्टेशन पर मात्र तीन टिकट विंडो हैं। जिनमें एक पर रिजर्वेशन किया जाता है। जबकि दो विंडो पर टिकट वितरण किया जाता है। लेकिन दोनों टिकट विंडो पर अक्सर लंबी लाइनें लगी रहती हैं। ऐसे में कई बार यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती हैं। कई बार तो आरक्षण कार्यालय दूर होने के चलते टिकट लेने के बाद दौड़ते भागते ट्रेन पकड़नी होती है। ऐसे में कई लोगों खासकर महिला व बच्चे ट्रेन पकड़ने के दौरान गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। लेकिन अब ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन लग जाने से रेल यात्रियों को टिकट लेने में काफी राहत मिल सकेगी।