संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नई दिल्ली के विश्व पुस्तक मेला में ललितपुर के अतुल मालवीय की पुस्तक भुज भूकंप विनाश से विकास की लोमहर्षक दास्तान का विमोचन किया गया। लेखकों की उपस्थिति में अतुल मालवीय को सम्मानित किया गया। बताया कि यह पुस्तक अमेजन पर प्रकाशित होने के मात्र दो सप्ताह के अंदर ही बेस्ट सेलर श्रेणी में आ गई थी।
पेशे से बैंकर रहे अतुल मालवीय ने सेवानिवृत्त होने के बाद स्वयं के अनुभवों पर लिखी इस पुस्तक में 26 जनवरी 2001 को भुज, गुजरात में आए अब तक के सबसे खतरनाक भूकंपों में से एक का आंखों देखा वर्णन किया है। उन्होंने भूकंप की भयावहता के साथ अपने उन प्रयासों का भी रोचक वर्णन किया है, जिसमें स्वयं के बहुमंजिला निवास के जमींदोज होने के बावजूद उन्होंने सेना और प्रशासन की मदद से 15 फीट नीचे धंस चुकी बैंक की सारी परिसंपत्तियां, रिकॉर्ड और धनराशि निकालकर दस हजार ग्राहकों को संकट से बचाया था। ललितपुर के गौरव अतुल मालवीय के सम्मानित होने पर उनके शुभचिंतकों में गोविंद नारायण रावत, दिनेश गोस्वामी, अनिल शिवहरे, संदीप तिवारी, सुबोधशर्मा, राजेंद्र मोहन दुबे, सिद्धार्थ शर्मा, अनिल सराफ, परितोष मालवीय आदि ने खुशी जाहिर की है।