ललितपुर। थाना महरौनी क्षेत्र अंतर्गत कुंआघोषी के पास बिजली विभाग के अवर अभियंता की गाड़ी पर फायर कर प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महरौनी बिजली उपकेंद्र में तैनात अवर अभियंता बृजेंद्र पाल ने महरौनी कोतवाली को दी तहरीर में बताया कि वह एक एफआईआर के सिलसिले में रविवार की शाम को कुम्हैड़ी पुलिस चौकी में तैनात सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सेंगर के बुलावे पर उनसे मिलकर महरौनी लौट रहे थे। इसके साथ में विभागीय संविदा कर्मचारी रामबिहारी व गाड़ी चालक सोबरन सिंह थे। वह बोलेरो से लौट रहे थे। शाम करीब 6.45 बजे मड़ावरा रोड पर ग्राम कुुआंघोषी पर उनकी गाड़ी पर सामने से किसी ने जानलेवा हमला किया, जिससे गाड़ी का कांच टूट गया। ऐसा प्रतीत हुआ कि किसी ने बंदूक से फायर किया है। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। हमले के दौरान बाइक पर सवार दो लोग सामने से तेजी से भागते नजर आए, लेकिन गाड़ी का कांच टूटा होने से वह उन्हें देख नहीं पाए। महरौनी पुलिस ने अभियंता पर हुए हमले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है।