कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में एटीएम कार्ड बदल ठगी करने वाला चोर
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न बैंकों के एटीएम में जाकर लोगों की मदद करने के नाम पर एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला मोहल्ला नेहरू नगर का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी के खिलाफ पहले से ठगी का मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी की धाराओं में वृद्धि करके उसे जेल भेज दिया।
नेहरू नगर चौकी पुलिस ने शनिवार को रेलवे स्टेशन के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के सामने से मुखबिर की सूचना पर एटीएम बदलकर लोगों से ठगी करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपी नेहरू नगर चौकी अंतर्गत टौरिया माता मंदिर के पास निवासी रविंद्र कुमार रैकवार पुत्र धनीराम रैकवार है। आरोपी रविंद्र कुमार के कब्जे से पुलिस ने तीन एटीएम कार्ड भारतीय स्टेट बैंक से बरामद किए हैं। जिसमें एक एटीएम से वादी मुकदमा सुनील कुमार राठौर का बरामद हुआ। इसमें आरोपी ने वादी के खाते से दो बार में कुल 7300 रुपये निकाले थे। उक्त व्यक्ति एक अभ्यस्त अपराधी है, जो एक बार और भी एटीएम के फ्राड में जेल जा चुका है। शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने वाली टीम में नेहरू नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दयाशंकर सिंह, सिपाही गोलू शामिल रहे।
उक्त व्यक्ति भोले भाले लोगों को मदद करने के नाम पर लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकाल लेता था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से तीन एटीएम कार्ड मिले हैं, उसने जो भी और ठगी की है, उसके बारे में गहनता से जांच की जा रही है। - कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक।