संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दो पक्षों में हो रहे झगड़े की सूचना पर गई डायल-112 पीआरवी में तैनात सिपाही के साथ एक पक्ष 11 लोगों ने मारपीट की और मोबाइल छीनने का प्रयास करते हुए वर्दी के कॉलर, बटन, सीटी डोरी, नेमप्लेट खींचकर वर्दी फाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने तीन नामजद सहित 11 आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बा महरौनी के मोहल्ला पंडापुरा में 24 मई की रात को दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा था। डायल-112 पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी रोहित त्यागी ने समझाने का प्रयास किया तो एक पक्ष के राजीव सेन निवासी नाराहट रोड, सुमित सेन, बल्लू सेन ने अपने 7-8 साथियों के साथ मिलकर मारपीट व गाली गलौज की। सिपाही रोहित त्यागी ने मोबाइल से वीडियो बनाई तो आरोपियों ने उसे छीनने का प्रयास किया। वर्दी फाड़ने का प्रयास करते हुए जमीन पर गिरा दिया। सिपाही चोटिल हो गया। पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की सूचना पर महरौनी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिसकर्मी रोहित त्यागी ने तहरीर दी। महरौनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी में जुटी है।