ललितपुर। जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए लाठी चार्ज के विरोध में राजनैतिक दलों के अलावा अब जनपद के छात्र-छात्राएं भी मैदान में उतर आए हैं। जिले व आसपास के जिलों में पढ़ाई करने वाले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से लाठीचार्ज के विरोध में शांति-पैदल मार्च निकालने की मांग की है।
जिले में विभिन्न महाविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राएं दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में पहले कंपनी बाग में एकत्रित हुए और आंदोलन की रणनीति पर मंथन कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस वहां पहुंच गई और छात्र-छात्राओं को वहां निकाल दिया। इस पर यह सभी छात्र-छात्राएं कलक्ट्रेट पहुंच गए और जिलाधिकारी को एक ज्ञापन देकर बताया कि वे लोग जो शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी चल रही है एवं नीट पेपर लीक होने के कारण छात्रों द्वारा गलत कदम उठाए गए, उसके विरोध में सभी छात्र-छात्राएं 24 जुलाई को कंपनी बाग से घंटाघर होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी से पैदल मार्च निकालने की अनुमति मांगी है। अनुमति मांगने वाले पत्र पर वंशिका, अंजली राजे, प्रांजलि जैन, महक निरंजन, विष्णु, अमन, दीपक, अभिषेक आदि के हस्ताक्षर हैं।