ललितपुर। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही शहर के प्रमुख बाजार में राखियों की दुकानें सजने लगी हैं। इस साल बाजार में नई-नई तरह की राखियां उपलब्ध हैं। दूर दराज रहने वाले भाइयाें को राखी भेजने के लिए बहनें राखी की खरीदारी भी कर रही हैं। वहीं बच्चों के लिए कार्टून की राखी भी बाजार में उपलब्ध हैं जिन्हें बच्चे खूब पसंद कर रहे हैं।
........
बाजार में आई विभिन्न तरह की राखियां
बाजार में रेशम, चंदन, बूंटी, जरी, स्टोन, जर्किन कुंदन, सेंटेड, इलेक्ट्रॉनिक राखियां, मेरे प्यारे भईया, पाट वाली राखी सहित सोने और चांदी की राखी के साथ तुलसी की राखियों पर लोगों की ज्यादा रूचि है। इस बार राखियों के दाम पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुने हो गए हैं।
-
रक्षाबंधन पर्व के चलते दुकानदारों ने दिल्ली से करीब 30 से 40 तरह की रंग-बिरंगी राखियां मंगवाई हैं। ये राखियां महिलाओं, खासकर छोटी लड़कियों को काफी पसंद आ रही हैं। बाजार में तुलसी राखी, डायमंड राखी, कलर पत्थर राखी, रेशम की विभिन्न डोरियों वाली राखियां आई हैं। बच्चों के लिए भी आकर्षक डिजाइन वाली राखियां बाजार में मौजूद हैं।-सरिता जैन राखी विक्रेता
20 साल से बनाते आ रहे हैं भगवान वाली राखी
शहर के कटरा बाजार में हमारी मनहारी की दुकान है। परिवार वाले करीब 20 वर्ष से भगवान को समर्पित डोरे वाली राखी बनाते आ रहे हैं। ये रााखियां अन्य राखियों के साथ खूब बिकती हैं, जो कि केवल भगवान को ही पहनाई जाती हैं।
- रजनी पटवा, राखी विक्रेता
-
बच्चों को लुभा रही हैं कार्टून वाली राखियां
बच्चों के बीच कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां प्रचलित हैं। कटरा बाजार में मोटू-पतलू, छोटा भीम, शिनचैन, निंजा हथौड़ी सहित विभिन्न कार्टून वाली कई तरह की राखियां मिल रही हैं। वहीं, इनमें रंगों के भी कई विकल्प हैं। जिसकी कीमत 50 रुपये से शुरू है। साथ ही, लाइट वाली और म्यूजिकल राखियां बच्चों को खूब लुभा रही हैं।
मेरा भाई विवेक सेना में है, इन दिनों उसकी तैनाती पुणे में है। इस बार छुट्टी नहीं मिली है, इस कारण राखी डाक के जरिये भेजी है। साथ में, मिठाई का डिब्बा सहित रुमाल भी भेजा है। इस बार भाई के न आने से रक्षाबंधन का त्योहार अधूरा-सा रहेगा।-मानसी पटेल,मसौरा खुर्द