ललितपुर। श्री लक्ष्मीनृसिंह मंदिर में आयोजित रामलीला के ग्यारहवें दिवस कुंभकरण वध, मेघनाद वध एवं रावण वध की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। वृंदावन से आई श्री किशोरी रासलीला एवं रामलीला संस्थान के कलाकारों ने संस्थापक स्वामी श्री ओमप्रकाश जी के कुशल नेतृत्व में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
रामलीला के दौरान भगवान श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच हुए भीषण युद्ध का सजीव मंचन किया गया। सबसे पहले भगवान श्रीराम की सेना ने कुंभकरण का वध किया। इसके बाद लक्ष्मण जी ने युद्ध में मेघनाद का वध कर रावण की सेना को कमजोर कर दिया। अंत में भगवान श्रीराम और रावण के बीच भीषण युद्ध हुआ, जिसमें श्रीराम ने रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। इस अवसर पर महंत गंगादास महाराज, महंत रामलखन महाराज, नारायण दास महाराज, रामवखन दास, मुकुट बिहारी दीक्षित, प्रदीप चौबे, रामलीला समिति के अध्यक्ष राजीव बबेले, सुभाष जायसवाल आदि मौजूद रहे।
-
लक्ष्मण को लगी शक्ति तो हनुमान उठा ले आए संजीवन पर्वत
संवाद न्यूज एजेंसी
बानपुर। ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में भगवान श्रीराम की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। रामलीला के दौरान अंगद-रावण संवाद, विभीषण शरणागति, लक्ष्मण को शक्ति वाण लगने और हनुमान जी द्वारा संजीवनी पर्वत उठाने के प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस भव्य मंचन में राम की भूमिका यश प्रताप, लक्ष्मण की रुद्र प्रताप, हनुमान की अतुल रावत, अंगद की भगवान सिंह, रावण की मनोज पुष्पकार और मेघनाथ की भूमिका निशांत गहरवार ने निभाई। व्यास पीठ संभाल रहे राजनारायण रावत के साथ संगीत मंडली ने कार्यक्रम में चार चांद लगाए, वहीं सहावेंद्र प्रताप सिंह गहरवार, आशीष रावत और अमित राजौरिया ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रदीप दीक्षित, बृजेंद्र राय, आशीष रावत, देवेंद्र गुप्ता, रामगोपाल विश्वकर्मा, बब्बू राजा गहरवार और सफीक खान मंसूरी आदि मौजूद रहे।
पाली में 24 अक्तूबर से होगा रामलीला का मंचन
संवाद न्यूज एजेंसी
पाली। भगवान श्री नीलकण्ठ की नगरी पाली में मुख्य बाजार पर विशाल रामलीला का आयोजन 26 अक्तूबर से 6 नवम्बर तक होने जा रहा है। श्री नीलकण्ठेश्वर आदर्श रामलीला मण्डल के द्वारा पुरानी प्रथा को पुनः कायम करने के लिये समस्त सहयोगी पुराने एवं नये कलाकारों ने नई साज-सज्जा एवं आकर्षक झांकियों के साथ मंचन किया जाएगा। जिसका उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी एवं राजदीप राजा बुन्देला ने किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी घनश्याम भारतीय, अध्यक्ष सूर्यांश राजा बुन्देला, उपाध्यक्ष देवेन्द्र सोनी, कोषाध्यक्ष मनोज मौजूद रहे।