महरौनी (ललितपुर)। पुलिस विवेचना में खत्म हो चुके एक मामले में कोर्ट के आदेश के बाद हत्या के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
7 अगस्त 2013 को रात दस बजे ग्राम खिरिया लटकनजू निवासी अरविंद सिंह (30 वर्ष) पुत्र प्रतिपाल सिंह का शव उसके घर के ऊपर के कमरे में तौलिया के सहारे फांसी के फंदे पर लटकता मिला था। मृतक के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था,
लेकिन कोई इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना के बाद मृतक के भाई वीरेंद्र सिंह ने कोतवाली महरौनी पुलिस को तहरीर देकर मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों पर अपने भाई अरविंद को साजिश के तहत भोजन में जहर देकर मारने की आशंका जताई थी। साथ ही अपराध छिपाने के लिए आत्महत्या का रूप दिया गया था।
इस पर कोतवाली में हत्या का मामला पंजीकृत किया गया था। लेकिन, महरौनी पुलिस ने विवेचना के बाद उक्त मामले में हत्या की घटना को नकारते हुए अपनी फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी।
वहीं, पोस्टमार्टम जांच के बाद बिसरा में जहर की पुष्टि हुई। इस पर न्यायालय के आदेश पर मृतक के भाई ने पुन: हत्या का मामला पंजीकृत कराया। कोर्ट के आदेश के बाद जांच करने पर पुलिस ने इस मामले को आत्महत्या का नहीं, बल्कि हत्या का पाया और पुलिस ने रविवार की सुबह एक हत्यारोपी हल्के भैया उर्फ ध्रुव कुमार हाल निवासी ग्राम सूरजपुरा थाना बड़ा मलहरामध्यप्रदेश को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
बिसरा में जहर की पुष्टि
बिसरा जांच में मृतक की मौत का कारण जहर खाने से होना बताया गया। इस पर मृतक के भाई वीरेंद्र सिंह ने न्यायालय की शरण ली और न्यायालय के आदेश पर पुन: आरोपियों पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया गया। मामले के विवेचक उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने विगत 19 नवंबर को हत्यारोपियों में से एक हल्के भैया उर्फ ध्रुव कुमार हाल निवासी ग्राम सूरजपुरा थाना बड़ा मलहरा छतरपुर मध्य प्रदेश के घर जाकर दबिश दी,
लेकिन उक्त आरोपी भागने में सफल हो गया था। रविवार की सुबह दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि हत्यारोपी ध्रुव कुमार अपनी बुआ के घर ग्राम भौंरदा जा रहा है। इस पर पुलिस ने तहसील के सामने बस के इंतजार में खडे हत्यारोपी को दबोच लिया और जेल भेज दिया।