ललितपुर। गल्ला मंडी में व्यापारी के गोदाम में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गल्ला मंडी चौकी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पांच फरवरी को मुहल्ला गांधी नगर निवासी आनंद जैन ने मंडी चौकी पुलिस को अपने गोदाम में चोरी होने की सूचना दी थी। मामले की जांच कर रहे मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज राजबाबू यादव ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई छापे मारे। इसी बीच सोमवार को चौकी पुलिस को सूचना मिली कि मंडी के पीछे कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं।
इस पर मंडी चौकी इंचार्ज ने अपनी टीम के साथ मौके पर दबिश दी और तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक भाग गया। तीनों के पास से 65 किलो तिली बरामद हुई। तिली के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि यह उन्होंने मंडी स्थित आनंद ट्रेडर्स के गोदाम से चोरी की थी।
तीनों संदिग्धों की पहचान राजा और दंगल कुमार निवासीगण मुहल्ला खिरकापुरा और शरीफ खां निवासी कांशीराम कालोनी के रूप में हुई। भागे हुए साथी का नाम उन्होंने भागवत बताया।
शातिर चोर हैं आरोपी
गल्ला मंडी चौकी पुलिस ने मंडी में चोरी करने के आरोप में जिन्हें गिरफ्तार किया है, वह सभी शातिर चोर हैं। गिरफ्तार राजा व फरार हुआ भागवत सात दिसंबर को स्टेशन रोड पर तीन दुकानों के शटर टेढ़े कर चोरी करने के मामले में वांछित चल रहे थे। राजा और भागवत टीम बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।
आनंद ट्रेडर्स में हुई चोरी के मामले में उन्होंने बताया कि छत से सहारा लेकर उन्होंने रोशनदान को तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए। अंदर घुसे साथियों ने बाहर तिली व सोयाबीन के बोरे गिराए, जिसे उन्होंने मंडी के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया। थोड़ा-थोड़ा करके वह लोग माल ले जाकर बेच देते थे। सोमवार को भी वह बचे हुए माल को उठाने आए थे और पुलिस की गिरफ्त में आ गए।