भोपाल जाने के दौरान राजमार्ग पर पवा सायन बोर्ड के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सेना के जवान की मौत हो गई जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सीएचसी लाया गया, जहां साथी का उपचार हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कानपुर के चकेरी निवासी पुष्कर मिश्रा (40) पुत्र शिव गनेश अपने साथी जितेंद्र सिंह (42) पुत्र अशोक कुशवाहा निवासी झररौली थाना बर्रा जिला कानपुर के साथ बाइक से झांसी से ललितपुर की ओर जा रहे थे। सोमवार शाम करीब छह बजे वे राजमार्ग पर पवा सायन बोर्ड के समीप थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौका पाकर चालक वाहन लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टर ने पुष्कर मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि दोनों लोग कानपुर से भोपाल जा रहे थे। परिजनों को सूचना देकर कार्रवाई की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पार कर रहा किशोर घायल
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमालपुर निवासी मुकेश (17) पुत्र हन्नू सहरिया सोमवार को सड़क पर पैदल अपने घर जा रहा था। तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीर तत्काल उसे सीएचसी लाए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। संवाद