मेडिकल कॉलेज में गलत इलाज से महिला की किडनी खराब होने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में गलत इलाज होने से महिला की किडनी खराब होने के आरोप के मामले में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह जांच समिति चिकित्सक के विरुद्ध लगाए आरोपों की जांच करेगी।
शहर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी मनोज साहू पुत्र रमेश कुमार ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि चिकित्सीय परामर्श के अनुसार उसकी पत्नी अनीता साहू को एप गैस्ट्रिक हार्निया की समस्या थी। 28 अक्तूबर 2025 को उसने पत्नी का चिकित्सीय परीक्षण मेडिकल कॉलेज में तैनात एक चिकित्सक से कराया। तीन नवंबर को चिकित्सक ने व्यक्तिगत खर्चा लेते हुए सरकारी अस्पताल में ही उसकी पत्नी के हार्निया का ऑपरेशन किया था लेकिन पत्नी की सेहत में सुधार नहीं हुआ। वह पत्नी को पहले ग्वालियर, फिर मैक्स अस्पताल नई दिल्ली के चिकित्सा विशेषज्ञों को दिखाया। इसके बाद एम्स भोपाल में इलाज के दौरान जांच रिपोर्ट में तथ्य सामने आए कि ऑपरेशन के बाद उसकी पत्नी को मल्टी ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम के साथ जानलेवा जटिलताएं विकसित हुईं।
इसके कारण उसे हीमोडायलिसिस की आवश्यकता पड़ी। पीड़ित ने जिलाधिकारी से आरोपी चिकित्सक के विरुद्ध उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति से जांच कराने की मांग की थी। इस मामले को अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने चिकित्सक के खिलाफ लगाए आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। इस समिति में अध्यक्ष सर्जरी विभाग के आचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद इटालिया, सदस्य मेडिसिन विभाग के आचार्य डॉ. राजेश कुमार आर्या, बालरोग परामर्शी डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान को शामिल किया गया है।