- जिला प्रोबेशन कार्यालय के निरीक्षण में महिला आयोग की सदस्य ने पाई कमियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल ने जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जहां पर उन्हें काफी अव्यवस्था देखने को मिली। ऑफिस में तैनात कर्मचारी विभागीय योजनाओं के विषय में जानकारी नहीं दे पाए, तो वहीं तैनात कर्मचारी ही नियमों को ताक पर रखकर विभागीय योजनाओं का लाभ लेते पाए गए। साथ ही अवैधानिक तरीके से जिला प्रोबेशन अधिकारी के रिश्तेदार की तैनाती से उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
महिला आयोग की सदस्य ने जिला प्रोबेशन कार्यालय का दोपहर बाद निरीक्षण किया, उन्होंने पटलों पर तैनात कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी व लाभार्थियों के विषय में जानकारी ली, तो उन्हें संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। साथ ही पत्रावली की जांच के दौरान उन्होंने पाया कि सेवायोजन विभाग पोर्टल पर विज्ञप्ति निकाले बिना जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल ने पत्नी के भाई को तैनाती दे दी। साथ ही वह बिना किसी सूचना के 18 तारीख से गायब पाए गए। तो वहीं कर्मचारी ममता श्रीवास ने 4.20 लाख की आमदनी होने के बाद भी कन्या सुमंगला योजना का लाभ तीसरी बच्ची पर लिया। हालांकि बाद में शिकायत होने पर विभागीय धनराशि को वापस किया। लेकिन विभाग ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्यप्रणाली सुधारने की चेतावनी देते हुए महिला आयोग सदस्य अर्चना पटेल ने कहा कि इन सभी कमियों को शासनस्तर पर पत्राचार कर बताएंगे, जिससे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।