संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं के लिए अतिथि विषय विशेषज्ञों से आवेदन मांगे गए हैं। चयनित विशेषज्ञ राजकीय इंटर कॉलेज ललितपुर स्थित अभ्युदय कोचिंग केंद्र में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा सकेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि यूपीएससी/यूपीपीसीएस, एनडीए/सीडीएस, आईआईटी-जेईई, नीट यूजी तथा एसएससी व अन्य एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग के लिए विषय विशेषज्ञों की आवश्यकता है। इसके तहत जीवविज्ञान में एक, गणित में दो, रीजनिंग में दो, भौतिक विज्ञान में एक तथा रसायन विज्ञान में एक अतिथि विषय विशेषज्ञ का चयन किया जाएगा।
इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 15 जुलाई से 25 जुलाई तक राजकीय इंटर कॉलेज ललितपुर स्थित अभ्युदय कोचिंग केंद्र के कक्ष संख्या-6 से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे गए आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों सहित जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या-12 में पंजीकृत डाक के माध्यम से 25 जुलाई तक जमा करने होंगे। उन्होंने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों का चयन समिति के माध्यम से चयन किया जाएगा। पूर्व में साक्षात्कार में शामिल हो चुके अभ्यर्थियों के आवेदन पुनः स्वीकार नहीं किए जाएंगे।