फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चींटी की चाल से हो रहे आधार लिंक

Sat, 09 Jan 2016 01:15 AM IST
ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। सरकारी योजनाओं को आधार कार्ड से लिंक करने में विभागीय उदासीनता उजागर हो रही है। मनरेगा में 1.68 लाख जॉब कार्ड में से सिर्फ 53 हजार ही आधार कार्ड लिंक हो सके हैं। वृद्घावस्था पेंशन में 12 हजार पेंशनर ही लिंक हो पाए हैं। चींटी की चाल से चल रहे लिंक कार्य का प्रभाव अप्रैल से योजनाओं के लाभार्थियों को भुगतना पड़ सकता है।
विज्ञापन


सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्रों तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है। इसके मद्देनजर विभिन्न योजनाओं को आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के मार्च माह तक शत-प्रतिशत लाभार्थियों के आधार कार्ड लिंक होने हैं, लेकिन इस मामले में विभागीय उदासीनता उजागर हो रही है।

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में 1.68 लाख कामगारों के जॉब कार्ड बने हुए हैं। इनमें से केवल 53 हजार 41 जॉब कार्ड ही आधार कार्ड से लिंक हो पाए हैं। इसी तरह वृद्घावस्था पेंशन में 20 हजार में से 12 हजार पेंशनरों के ही आधार कार्ड लिंक हो सके हैं।
विज्ञापन


राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में 1.97 लाख में से करीब 30 हजार राशन कार्ड ही आधार कार्ड से लिंक हुए हैं। इससे आधार कार्ड लिंक करने की प्रगति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

वास्तविकता यह है कि अधिकतर लोगों के अभी तक या तो आधार कार्ड नहीं बन सके हैं या फिर उन्हें योजनाओं से जोड़ा नहीं गया है। यदि इसी गति से आधार कार्ड लिंक करने की प्रक्रिया चलती रही तो मार्च माह तक सभी लाभार्थियों के आधार कार्ड लिंक होना मुश्किल है।

मार्च की अवधि
वर्तमान वित्तीय वर्ष के मार्च माह तक आधार कार्ड लिंक करने के निर्देश हैं। मार्च माह के बाद आधार कार्ड लिंक नहीं होने की स्थिति में उन्हें आगामी वित्तीय वर्ष में लाभ से वंचित किया जा सकता है।

आधार लिंक की योजनाएं
मनरेगा, छात्रवृत्ति, पेंशन, राशन कार्ड और आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के आधार कार्ड लिंक किए जाने हैं।

नहीं लग पा रहे शिविर
निर्देशों के बावजूद लोगों के आधार कार्ड नहीं बनवाए जा रहे हैं, इसके लिए न तो शिविर लगाए जा रहे हैं और न ही आधार कार्ड बनवाने के अन्य कोई इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे तमाम व्यक्तियों के सामने आधार कार्ड लिंक कराने की समस्या उत्पन्न हो गई है।

कैसे बनेंगे राशन कार्ड
जिन लोगों के राशन कार्ड नहीं बने हैं, अब उनके लिए राशन कार्ड बनवाने की भी समस्या खड़ी हो गई है। ऑनलाइन आवेदन में आधार कार्ड नंबर लिखना जरूरी होगा। यदि आधार कार्ड नहीं हैं तो राशन कार्ड के लिए आवेदन करना मुश्किल हो जाएगा।
विज्ञापन


वृद्घों के नहीं बनते आधार कार्ड
वृद्घों को आधार कार्ड बनवाना मुश्किल हो रहा है, उनके फिंगर प्रिंट साफ नहीं आ रहे हैं। इस कारण आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें