ललितपुर। सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत हो गई। इस दौरान रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। अभियान वर्णी कालेज तक चलाया गया।
शहर में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं और यातायात में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक मो. इमरान ने अधीनस्थों को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमणमुक्त करने के निर्देश जारी किए थे। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने 15 दिवसीय अभियान चलाने का निर्णय लिया है, जिसका शुभारंभ सोमवार की शाम से हो गया। पुलिस फोर्स ने रेलवे स्टेशन से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत करते हुए वर्णी कालेज चौराहे तक अतिक्रमण हटवा दिया। इस दौरान जो दुकानदार अपनी दुकान सड़क तक बढ़ाए हुए थे, उनके पुलिस एक्ट के तहत 34 चालान किए गए। अतिक्रमण अभियान के साथ ही वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें तीन सवारी, बिना कागज, नियम विपरीत ड्राइविंग करने वालों के चालान काटे गए।
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए यह अभियान 15 दिन तक चलेगा। कोतवाली प्रभारी एस के वैश्य ने दुकानदारों से अतिक्रमण स्वत: ही हटाने को कहा है, जिससे उन्हें कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान यातायात निरीक्षक नीरज दीक्षित, मानसिंह पाल, मनोज कुमार, रामबरन सिंह, श्याम सुंदर यादव आदि उपस्थित रहे।