- चार घंटे चला मान मनोव्वल का दौर, जेल से बेटे के आने के आश्वासन पर माने परिजन, किया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के इलाइट चौराहे पर रविवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब परिजनों ने मृतक दुकानदार लक्ष्मी नारायण राठौर का शव सड़क पर रखकर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर आरोप लगाए। जेल में निरुद्ध पुत्र शिवम राठौर को बाहर निकालकर अंतिम संस्कार में शामिल करने सहित कोतवाली में तैनात दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के समझाने और शिवम के जेल से बाहर आने की खबर मिलने के चार घंटे बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार किया।
बजाज फाइनेंस में करीब 1.71 करोड़ के फ्रॉड मामले में पुलिस ने फर्जी तरीके से मुहर बनाने के आरोप में शिवम राठौर को जेल भेज दिया था। जिसके बाद उसके बाद पिता लक्ष्मीनारायण ने शनिवार को टीकमगढ़ में एक होटल में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली थी। लक्ष्मी नारायण की मौत के बाद आक्रोशित परिजन रविवार की सुबह करीब 10 बजे इलाइट चौराहे पर पहुंचे और यहां पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, एसडीएम सदर मनीष विश्वकर्मा, सीओ सदर अजय कुमार कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और मृतक के परिजनों के बीच बहसबाजी भी हुई। जाम लगाए प्रदर्शनकारी किसी भी वाहन को नहीं गुजरने दे रहे हैं। हालांकि एक-दो एंबुलेंस जब यहां पर आई तो प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए और एंबुलेंस के निकलने के बाद पुन: सड़क पर बैठ जाते थे। प्रदर्शन कर रहे परिजन शिवम को जेल से बाहर लाने और कोतवाली में तैनात दरोगा और सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। आलाधिकारियों के आश्वासन और शिवम के जेल से बाहर आने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस कार्रवाई के खिलाफ शव रखकर हो रहे प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरना प्रदर्शन में शामिल रहे। वहीं, श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ के पुत्र चंद्रशेखर पंथ भी मृतक के परिजनों से मिले और उन्हें जांच का भरोसा दिया। इस संबंध में कालू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परिजनों को समझाया बुझाकर जाम खुलवा दिया। मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एडीएम ने कहा शिकायत करें, मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी
इलाइट चौराहे पर लक्ष्मीनारायण का शव रखकर प्रदर्शन करने पर एडीएम नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। यहां परिजनों ने पुलिस पर शिवम को जेल भेजने के आरोप लगाकर निष्पक्ष जांच करने की बात कही। इस पर एडीएम नमामि गंगे ने कहा कि वह लोग शिकायत करें, वह मजिस्ट्रेट जांच कराएंगे।
-
दो घंटे के पैरोल पर जेल से बाहर आया शिवम, अंतिम संस्कार में हुआ शामिल
प्रशासनिक बातचीत के बाद शिवम को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दो घंटे की पैरोल मिली। दोपहर तीन बजे शिवम जिला कारागार से बाहर आया। यहां से पुलिस अभिरक्षा में सीधा उसे इलाइट स्थित मुक्तिधाम ले जाया गया। पैराेल समाप्त होने के बाद उसे पुन: जिला कारागार भेज दिया गया।