तालबेहट। मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद भी तालबेहट क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में गली-गली और कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। कड़ेसराकलां में तो राजकीय हाईस्कूल के पास ही शराब की बिक्री होने की बात सामने आई है। विद्यालय के आसपास शराब की बिक्री से विद्यार्थियों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
राजमार्ग स्थित कड़ेसराकलां में पवा सेन बोर्ड के पास बने राजकीय हाईस्कूल से कुछ ही दूरी पर शराब की बिक्री होने की शिकायत है। खास बात यह है कि इस मार्ग से रोजाना अधिकारियों के वाहन भी गुजरते हैं। इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार, अधिकारियों के दौरे या किसी वरिष्ठ अधिकारी के आने की सूचना पर कुछ समय के लिए शराब की बिक्री बंद हो जाती है, लेकिन बाद में फिर से शुरू हो जाती है। उनका कहना है कि स्थायी कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है।
प्रधानाचार्य ने पुलिस को दी जानकारी, फिर भी नहीं रुकी बिक्री
राजकीय हाईस्कूल कड़ेसराकलां के प्रधानाचार्य कृष्णा साहू का कहना है कि विद्यालय के समीप शराब की बिक्री बंद कराने के लिए पुलिस को पत्र देकर और मौखिक रूप से भी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक बिक्री बंद नहीं हुई। कड़ेसराकलां के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक कैलाश बबेले ने बताया कि शिक्षण संस्था के आसपास ही नहीं, बल्कि गांव में कई स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पर रोक लगनी चाहिए, क्योंकि इससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है।
-
शराब पीकर गांव में करते हैं हंगामा
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाले कई मजदूर बाहर से मजदूरी करके लौटते हैं और पवा सेन बोर्ड पर उतरने के बाद शराब का सेवन करते हैं। आरोप है कि शराब पीने के बाद कुछ लोग गांव में विवाद और हंगामा करते हैं। इससे आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की स्थिति बनती है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगने से गांव में शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हो सकती है। उनका यह भी कहना है कि शराब की बिक्री का असर बच्चों और महिलाओं पर भी पड़ रहा है।
सर्किल में किसी भी दशा में अवैध शराब नहीं बिकने दी जाएगी। संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। उनके क्षेत्र में शराब बिकने की सूचना सही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
आशीष मिश्रा, सीओ ,तालबेहट।