संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल काॅलेज में जल्द ही इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब स्थापित की जाएगी। शनिवार को सीएमएस, सहायक अभियंता स्वास्थ्य विभाग व कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल झांसी के अवर अभियंता ने निरीक्षण किया।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब की स्थापना की स्वीकृति मिली है। वर्तमान में यहां पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे मशीन व अन्य यूनिट चल रही हैं, ऐसे में इंटीग्रेटेड हेल्थ लैब का कार्य शुरू नहीं हो सकता। इसके बाद जांच यूनिटों को अन्य स्थान पर स्थापित किए जाने की सहमति बनी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने लैब इंचार्ज व हॉस्पिटल मैनेजर को निर्देशित किया कि यूनिट इंचार्जों के साथ समन्वय स्थापित कर वर्तमान में क्रियाशील यूनिट को अन्य स्थान पर स्थापित कराएं, जिससे इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का कार्य शुरू हो सके।
इस लैब में एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की जांच की सुविधा मिलेगी। मरीजों को जांच के लिए कहीं जीना चढ़कर या अन्य स्थान पर नहीं भटकना हेागा। प्राचार्य डॉ. डीनाथ ने बताया कि लैब विशाल रूप में बनेगी, इसमें मरीजों को लगभग सभी प्रकार की सुविधा दी जाएगी।
-
प्राचार्य ने किया प्रसव वार्ड का निरीक्षण: शनिवार को प्राचार्य डॉ. डीनाथ ने प्रसव वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने सामान्य प्रसव से भर्ती कुमकुम व प्रियंका और सिजेरियन से भर्ती प्रसूता स्मृति व इंद्रा से पूछताछ की। प्राचार्य ने पूछा कि किसी से कोई सेवा शुल्क तो नहीं लिया गया। प्रसूताओं ने बताया कि किसी को रिश्वत नहीं देनी पड़ी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. मीनाक्षी सिंह व सर्जन डॉ. विशाल जैन आदि मौजूद रहे।
-
प्रत्येक माह की 23 को दें रिपोर्ट: शनिवार को महिला अस्पताल स्थित सभागार में डाटा वैलिडेशन समिति व एचएमआईएस नोडल ऑफिसर की बैठक प्राचार्य डाॅ. डीनाथ की अध्यक्षता में हुई। चिकित्सालय के सभी स्वास्थ्य सेवाओं के सत्यापन की समीक्षा की गई। प्राचार्य ने सभी नोडल अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक माह अपने विभाग की रिपोर्ट की समीक्षा कर हर माह 23 तारीख तक सत्यापित प्रति कार्यालय को उपलब्ध कराएं।