ललितपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड जखौरा एवं तालबेहट के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय भटरया व उच्च प्राथमिक विद्यालय असऊपुरा बंद पाया गया। इस पर उन्होंने विद्यालय में कार्यरत समस्त अध्यापकों/शिक्षा मित्रों का वेतन रोक दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामप्रवेश ने विकासखंड जखौरा अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भटरया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय विद्यालय बंद मिला। निरीक्षण में बंद विद्यालय में कार्यरत समस्त अध्यापकों/शिक्षामित्रों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट खिरकन बांसी में सहायक अध्यापक चंद्रशेखर सेन, अजय महाजन एवं रजनी पुलैया देर से उपस्थित हुए। इस पर तीनों अध्यापकों को विद्यालय में समय से उपस्थित होने के लिए चेतावनी दी गई है। नि:शुल्क यूनीफार्म का वितरण नहीं किया गया।
मध्याह्न भोजन योजना के संबंध में उपस्थित प्रधानाध्यापक ने बताया कि प्राधिकार पत्रों का वितरण अभिभावकों को किया जा रहा है एवं लॉकडाउन अवधि की परिवर्तन लागत अभिभावकों के बैंक खातों में स्थानांतरित किएं जाने की कार्रवाई किए जाने को बैंक सूची तैयार कर ली गई है, जिसे शीघ्र ही बैंक में प्रेषित कर दिया जाएगा। प्राथमिक विद्यालय बांसी-3 में प्रधानाध्यापक उर्मिला देवी एवं शिक्षामित्र प्रीति मिश्रा अनुपस्थित मिलीं। विद्यालय में निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण नहीं कराया गया है एवं नि:शुल्क यूनीफार्म का वितरण की प्रक्रिया भी शुरू नहीं की गई है। विद्यालय में श्यामपट्ट मानक अनुसार नहीं पाया गया। साफ-सफाई एवं रंगाई का कार्य किया जा रहा था। मध्याह्न भोजन योजना के संबंध में सहायक अध्यापक द्वारा बताया कि प्राधिकार पत्रों का वितरण अभिभावकों को नहीं किया गया है।
पाठ्य पुस्तकों का वितरण नहीं हुआ
लॉकडाउन अवधि की परिवर्तन लागत अभिभावकों के बैंक खातों में स्थानांतरित किए जाने की कोई तैयारी पाई गई। प्राथमिक विद्यालय असऊपुरा में कार्यरत शिक्षा मित्र सविता यादव 29 जुलाई से अनुपस्थित चल रहीं हैं। विद्यालय में नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण नहीं हुआ है। निशुल्क यूनीफार्म वितरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ नहीं की गई है। उच्च प्राथमिक विद्यालय असऊपुरा बंद पाया गया। निरीक्षण में बंद पाए गए विद्यालय में कार्यरत समस्त अध्यापकों/अनुदेशकों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए।