संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हवाई अड्डा के लिए भूमि अधिग्रहण मामले में गजट नोटिफिकेशन की प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है। इससे पूर्व भूस्वामियों से आपत्ति मांगी गई थी। इसके बाद विशेषज्ञ समूह का गठन कर उसकी रिपोर्ट मांगी गई थी। रिपोर्ट दाखिल होने के बाद अब जिला मजिस्ट्रेट भूमि अधिग्रहण का नोटिफिकेशन जारी करेंगे।
जनपद में हवाई अड्डा बनाने की वर्ष 2021 में घोषणा हुई थी। इसके लिए शहर की सीमा से सटे सिवनीखुर्द में करीब 91 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। 89.50 हेक्टेयर भूमि आपसी सहमति से क्रय कर ली गई थी, लेकिन करीब 2.5 हेक्टेयर भूमि का मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण उसका बैनामा नहीं हो पाया। इन भूमियों के अधिग्रहण के लिए जिला प्रशासन ने प्रस्ताव तैयार कर नागरिक उड्डयन विभाग को भेजा था। शासन से प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद नागरिक उड्डयन विभाग ने भूमि अधिग्रहण के लिए 4.46 करोड़ की धनराशि जमा करा दी है। प्रशासन ने अधिग्रहण प्रक्रिया को आरंभ करते हुए भूस्वामियों से आपत्ति मांगी। इनका निस्तारण करने के बाद सीडीओ केके पांडे की अध्यक्षता में स्वतंत्र बहुशासी विशेषज्ञ समूह का गठन किया गया। इसकी रिपोर्ट जमा कर दी गई है। अब जिला मजिस्ट्रेट भूमि अधिग्रहण का नोटिफिकेशन जारी करेंगे। इसके बाद यह भूमि नागरिक उड्डयन विभाग को सुपुर्द कर दी जाएगी।
हवाई अड्डा के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। आपत्ति का निस्तारण व विशेष समूह की रिपोर्ट आने के बाद अब धारा 11 करने की तैयारी चल रही है।
अक्षय त्रिपाठी, जिलाधिकारी।