सैदपुर (ललितपुर)। विकासखंड मड़ावरा में कृषि तंत्र योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं कृषि निवेश वितरण मेला आयोजित किया गया। इस मौके पर किसानों को रबी के सीजन में मटर की उन्नत प्रजातियों की बुआई करने की सलाह दी गई।
तहसील मड़ावरा प्रांगण में सहायक विकास अधिकारी रमाशंकर वर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं ग्राम प्रधान मड़ावरा सुरेश साहू की अध्यक्षता में आयोजित मेला में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। किसानों को संबोधित करते हुए रामकृष्ण भारती ने कहा कि किसानों को पारदर्शी अनुदान योजना के तहत उनका अनुदान सीधे खातों में पहुंचाया जाता है। अब किसानों को अपना आनलाइन पंजीकरण कराना आवश्यक है, जिससे किसानों को खाद, बीज, कृषि यंत्र आदि का अनुदान का सीधा फायदा मिले। जे एन पांडेय ने बताया कि किसान रबी के सीजन में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा सुझाई गई प्रजातियों में मटर की अधिक से अधिक बुआईं करें।
प्रशिक्षण के दौरान उर्द में लगे पीला मोजेक रोग की जानकारी दी गई। बीएमटी मड़ावरा सुरेश कुुमार ने बताया कि आजाद-1, आजाद-2 एवं संकर 1,2,3 उर्द के बीज की बुआई करें। यह पीला मोजेक रोग प्रतिरोधी प्रजातियां हैं। प्रभारी बीज भंडार मड़ावरा रामकिशोर सोनी ने बताया कि किसान बुआई के समय उर्वरक की सुझाई गई मात्रा का ही प्रयोग करें।
इस मौके पर रामकिशोर सोनी, सुशील कुुमार, संतोष कुुमार, संजय दुबे, राजू गोस्वामी, सुखराम पटेल, लाखन सिंह, रणवीर सिंह, खूबचंद सेन, भगवती रजक, वीर सिंह, राम सिंह, निर्भान सिंह, अनीत मिश्रा समेत अन्य किसान उपस्थित रहे। संचालन रामकृष्ण भारती ने किया।