- 84 कृषि यंत्रों के वितरण का लक्ष्य
संवाद न्यूुज एजेंसी
ललितपुर। कृषि विभाग द्वारा किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 27 जून से कृषि विभाग के पोर्टल पर कृषि यंत्रों की बुकिंग शुरू की जाएगी।
कृषि विभाग द्वारा संचालित योजना के तहत अनुदान पर कृषि यंत्रों का वितरण किया जाएगा। जनपद में 84 कृषि यंत्रों का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत कृषि यंत्र, किसान ड्रोन, कस्टम हायरिंग सेंटर, हाईटेक हब फॉर कस्टम हायरिंग एवं फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना, फसल अवशेष प्रबंधन के कृषि यंत्र आदि पर अनुदान प्राप्त करने को बुकिंग प्रक्रिया 27 जून से दोपहर तीन बजे से शुरू होगी। जो बारह जुलाई को रात बारह बजे तक की जाएगी। आवेदन विभागीय पोर्टल www.agridarshan.up.gov.in पर कर सकेंगे। अनुदान के लिए यंत्र बुकिंग वेबसाइट पर क्लिक कर ऑनलाइन विकासखंडवार की जाएगी। आवेदन को बुकिंग करने के लिए विभागीय पोर्टल पर पूर्व से उपलब्ध मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त करने का विकल्प होगा। यदि पोर्टल पर उपलब्ध मोबाइल नंबर बंद होगा तो लाभार्थी के नए मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त कर आगे की प्रक्रिया पूर्ण करने का विकल्प दिया जाएगा। दस हजार से एक लाख रुपये तक अनुदान के लिए कृषि यंत्रों की बुकिंग राशि 2500 रुपये होगी। जबकि एक लाख से अधिक अनुदान के कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग राशि पांच हजार रुपये होगी। यह जानकारी उपकृ़षि निदेशक यशराज सिंह ने दी है।