- पुलिस की निगरानी में हुआ शव का अंतिम संस्कार, रात भर चला था मनाने का दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। 10 जून को थाना पाली के ग्राम डुंगरिया में जमीन जुताई के रुपये मांगने को लेकर चचेरे भाई गब्बर और उसके परिजनों की मारपीट से घायल हुए नेकपाल की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस के मान मनौव्वल के बाद परिजन ने आखिरकार शुक्रवार सुबह 9 बजे युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। साथ ही पुलिस ने चार आरोपियों गब्बर, झलकन, निराशा और रोशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
दरअसल, बृहस्पतिवार की रात को परिजनों ने आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कराने की मांग करते हुए थाना पाली के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तो शव का अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए थे और शव लेकर गांव चले गए थे। गांव पहुंचने के बाद परिजन एकबार फिर से बिफर पड़े थे और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। जिसके बाद पुलिस और परिजनों के बीच रात से चलने वाली बातचीत शुक्रवार सुबह तक चलती रही। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा होने की तसल्ली हो जाने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों ने पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार किया।
-
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
थाना पाली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चाराें आरोपियों गब्बर, झलकन, निराशा, रोशन को गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।