एआई समिट प्रदर्शन मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ललितपुर से लिया था हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दिल्ली में एआई समिट में प्रदर्शन के मामले में ललितपुर से हिरासत में लेकर गई दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नौ दिन की कड़ी पूछताछ व जांच के बाद युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोंटी शुक्ला को हिरासत से छोड़ दिया। सोमवार की देर रात को वह ललितपुर पहुंचे तो कांग्रेसियों व अन्य साथियों और परिजनों में खुशी की लहर दाैड़ गई।
एआई समिट के दौरान कांग्रेस के प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल 22 फरवरी की रात को ललितपुर आई थी और युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और अगले दिन सुबह नई बस्ती निवासी मोंटी शुक्ला को हिरासत में लेकर अपने साथ दिल्ली ले गई थी। दिल्ली में मोंटी को तिलक नगर थाने ले जाया गया, जहां दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने उससे एआई समिट के मामले में कई दौर की पूछताछ की। इस दौरान कांग्रेस की लीगल सेल ने मोंटू शुक्ला का पूरा पक्ष रखा और मोंटू से संबंधित साक्ष्य भी दिल्ली क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश दिए, जिसका सत्यापन के बाद सोमवार को मोंटू शुक्ला को हिरासत से छोड़ दिया गया। वह सोमवार की देर रात में ललितपुर पहुंच गए। उनकी रिहाई से कांग्रेसियों व परिजनों में खुशी की लहर है।