शिक्षा मित्रों से अध्यापक बनने पर फिटनेश प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर जिला अस्पताल में भीड़ रही। आवेदक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान रहे, वहीं अस्पताल में विवाद होने की फर्जी सूचना से पुलिस चकरघिन्नी बनी रही।
शिक्षा विभाग में लगभग साढ़े पांच सौ शिक्षा मित्रों को शिक्षक बनाया जा रहा है, निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनसे फिटनेश प्रमाण पत्र लिए जा रहे हैं। शुक्रवार को दर्जनों की संख्या में आवेदक फिटनेश प्रमाण बनवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। प्रमाण पत्र में चिकित्सकों की जांच आख्या और उसके बाद सीएमएस से पुष्टि होने आदि प्रक्रियाएं अपनाई जानी थी, इस कारण प्रमाण पत्र निर्गत होने में विलंब हो रहा था, वहीं आवेदकों में जल्द प्रमाण पत्र पाने की होड़ लगी थी। भीड़ को देखकर स्वास्थ्य कर्मचारी भी सकते में आ गए। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और आवेदकों के बीच बहस भी हुई। एक व्यक्ति ने सीएमएस कक्ष में जाकर भाषणबाजी भी की। इसी दौरान किसी ने पुलिस अधीक्षक को अस्पताल में आवेदकों और चिकित्सालय कर्मियों के बीच विवाद की सूचना दे दी, इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हो उठा। शहर कोतवाल मंगला प्रसाद तिवारी ने एसएसआई निगवेंद्र सिंह को पुलिस लाइंस के क्यूआरटी बल के साथ मौके पर भेजा, लेकिन तब तक अधिकांश आवेदक प्रमाण पत्र लेकर जा चुके थे।