निकाय चुनाव में हर अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला और मंडलीय स्तरीय अधिकारी चक्कर लगाते रहे। इस दौरान किसी मंडलायुक्त अमित गुप्ता, डीआईजी जवाहर सिंह, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल जिले की तीनों नगर पंचायतों और एक नगर पालिका का दौरा करते रहे।
निकाय चुनाव को लेकर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सक्रिय रहा। इस दौरान मंडलायुक्त अमित गुप्ता और डीआईजी जवाहर सिंह मतदान केंद्रों पर भ्रमण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल भी जिले की तमाम मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता शहर की सभी पोलिंग बूथ का जायजा लेते रहे। इसके अतिरिक्त एसडीएम सदर महेश प्रसाद दीक्षित और सीओ सिटी हिमांशु गौरव दलबल के साथ किसी भी सूचना पर तत्काल मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे रहे। हालांकि इस दौरान कई जगहों पर फर्जी वोटिंग करने को लेकर छिटपुट झड़पें भी हुईं, लेकिन पुलिस बल ने इनको हल्का बल प्रयोग कर शांत करवा दिया।
इससे पूर्व शनिवार की देर रात कई जगहों से रुपये बांटने की खबरों से भी चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। शहर के मोहल्ला आजादपुरा, नदीपुरा, नेहरू नगर समेत कई जगहों से वोटरों को लुभाने के लिए रुपये व शराब बांटने की जानकारी मिलती रही। हालांकि इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं हो सकी। इसके लिए पुलिस और प्रशासन संदिग्धों पर नजर रखता रहा।