नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट रखेंगे चुनाव पर नजर
ललितपुर। चुनाव आयोग द्वारा जनपद में आज होने वाले नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके चलते शहर के 26 वार्डों में बनाए गए 51 मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। तालबेहट में पांच, महरौनी में छह व पाली में चार मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोजित किए जाएंगे।
नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2017 के लिए ललितपुर के कुल 26 वार्डों में 51 मतदान केंद्र व 121 मतदान स्थल स्थापित किये गये हैं। इसी क्रम में तालबेहट के 12 वार्डों में 05 मतदान केंद्र व 13 मतदान स्थल, महरौनी केे 10 वार्डों में 06 मतदान केंद्र व 14 मतदान स्थल, पाली के 10 वार्डों में 04 मतदान केंद्र व 10 मतदान स्थल स्थापित किये गये हैं। इस प्रकार जनपद की सभी कुल 58 वार्डों में 66 मतदान केंद्र व 158 मतदान स्थल स्थापित किये गये हैं। नगरीय निकाय ललितपुर में 61495 पुरुष, 55913 महिला, तालबेहट में 5638 पुरुष, 5203 महिला, महरौनी में 6185 पुरुष, 6001 महिला तथा नगरीय निकाय पाली में 3807 पुरुष 3807 पुरुष 3559 महिला मतदाता हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 77,125 पुरुष तथा 70, 676 महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 में सुचितापूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए जनपद के सभी नगरीय निकायों को 04 जोनों में बांटा गया है। इन जोनों के लिए 05 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किये गये हैं। इसमें 02 जोनल मजिस्ट्रेट ललितपुर के लिए तथा 01-01 जोनल मजिस्ट्रेट महरौनी, पाली एवं तालबेहट के लिए नियुक्त हैं। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद, ललितपुर के लिए 09 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा नगर पंचायत महरौनी एवं तालबेहट के लिए 02-02 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा नगर पंचायत पाली के लिए 01 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इस प्रकार जनपद में निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए कुल 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किये गये हैं। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने निर्देश दिये कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदान के दिन मतदेय स्थलों का नियमित रूप से भ्रमण होता रहे और 200 मीटर की परिधि के बाहर किसी प्रकार की भीड़भाड़ को रोका जाये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह शिकायतों का भलीभांति परीक्षण करते हुए निष्पक्षतापूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करें तथा आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करायें।