ललितपुर। डेंगू व संक्रामक बीमारियां की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान चलाया। इसमें 18 स्थानों पर निरीक्षण में 17 एडीज लार्वा पाए गए। मौके पर ही लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कर नष्ट किया गया।
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सरकारी कार्यालय व शहर के मोहल्लों में डेंगू व संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया गया। इसमें कूलर, कंटेनरों व टायरों में 17 एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए। मलेरिया निरीक्षण अजब सिंह, हरिशचंद्र नामदेव, ज्ञानेंद्र गौतम ने छह कार्यालय, एक मोहल्ला व दो टायरों की दुकानों में जांच की। जिसमें शहर की गोपल लाज में एक, पाराशर लाज में एक, सिविल लाइन में चार, गांधीनगर में एक, रावतयाना में दो, विकासखंड बिरधा में एक, महरौनी में चार, बार में एक, तालबेहट व जखौरा में एक-एक समेत 17 एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए। इस पर स्वास्थ विभाग की टीम ने मौके पर ही लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कर नष्ट कर पात्रों को खाली कराया। टीम ने लोगों को बताया कि सप्ताह में एक बार सभी कूलरों व कंटेनरों की सफाई की जाए। सुखाने के बाद ही पात्रों में पानी भरा जाए।